श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के भंडरा गांव में पराली की चिंगारी से लगी आग से मकान में रखा सामान जल गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। लेखपाल पुष्पेंद्र ने क्षति का आंकलन किया है।
भंडरा गांव निवासी किसान भगवानचरण ने पराली जलाने के लिए खेत में आग लगा दी। तेज हवाएं चलने पर आग ने दिनेश राजपूत के खेत में बने मकान को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मकान में रखी बाइक, 25 हजार की नकदी, 12 क्विंटल खाद्यान्न, भूसा व कृषि यंत्र जलकर बर्बाद हो गए। आग की लपटें देख ग्रामीणों ने कुओं से पंप चलाकर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सबकुछ जलकर बर्बाद हो गया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ का कहना है कि एसआई को जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।