मृतक दिनेश कुशवाहा की फाइल फोटो।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। चरखारी बाईपास मार्ग स्थित खेत में एक युवक का शव कुएं में संदिग्ध हालात में लटकता मिला। परिजनों ने प्रेमिका व उसके साथियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
मिल्कीपुरा निवासी दिनेश कुशवाहा (22) पिता के साथ खेती के काम में हाथ बटाता था। रविवार शाम वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकल गया। दो घंटे बाद परिजन खेत पहुंचे तो दिनेश का शव कुएं की पाट से रस्सी के फंदे पर लटकता मिला। मृतक के चाचा भवानीदीन ने बताया कि उसके भतीजे के एक महिला से तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहे थे। रविवार को दोनों खेत गए थे। महिला का मोबाइल कुएं के समीप रखा मिला। आरोप लगाया कि महिला ने अपने साथियों के साथ दिनेश की हत्या कर शव कुएं में लटका दिया। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।