हाईवे में थाने के बाहर खड़ी डीसीएम।
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सूरा चौकी के समीप चार बोलेरो सवार बदमाशों ने डीसीएम में बैठे व्यापारी से 7.93 लाख की नकदी लूट ली। व्यापारी बनारस से मूंगफली का दाना बेचकर नौगांव वापस जा रहा था। सूचना पर पुलिस ने रात में ही बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की है।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के ठठेवरा गांव निवासी व्यापारी कृपाराम कुशवाहा डीसीएम चालक राजेंद्र अहिरवार के साथ बुधवार को मूंगफली का दाना लेकर बनारस गए थे। जहां पर उन्होंने करीब आठ लाख रुपये का दाना मंडी में बेचा। नगदी लेकर व्यापारी व चालक डीसीएम से नौगांव वापस जा रहे थे। देर रात करीब ढाई बजे चालक डीसीएम को खड़ा कर पहिये की हवा चेक करने लगा। इसी बीच महोबा की ओर से बोलेरो में सवार नकाबपोश चार बदमाश आए और चालक व व्यापारी के तमंचा लगा दिया। बदमाशों ने व्यापारी के पास से 7.93 लाख की नकदी लूट ली और फरार हो गए।
लुटे-पिटे व्यापारी व चालक ने थाना श्रीनगर पहुंच रात में सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्रों में बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बोलेरो सवार चार बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की है। हाईवे पर व्यापारी से लाखों की लूट की घटना से वाहन चालकों में दहशत रही। थानाध्यक्ष अनिल कुमार का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। उन्हें पकड़ने के लिए टीमें गठित की गईं हैं।