खरेला (महोबा)। थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों ने फांसी लगा ली। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। एक घटना में परिजनों ने युवक के मानसिक रूप से बीमार होने की बात कही है।
बसौठ गांव के मौजा बाबा भगत का डेरा निवासी किसान मंगल राजपूत गुरुवार को किसी कार्य से बाहर गया था। इस दौरान पुत्र ओमप्रकाश (20) ने खेत में पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। किसानों ने युवक का शव लटका देखकर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पिता ने बताया कि पुत्र मानसिक रूप से बीमार था।
उधर, कस्बे के मोहल्ला रायसिंह में सेवानिवृत्त अधिकारी रामस्वरूप का पुत्र शिवकुमार (40) घर से अलग रहता था। गुरुवार देर रात उसने मकान में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह देर तक पड़ोसियों ने सूचना परिजनों को दी। थाना प्रभारी दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटनाओं के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।