कबरई (महोबा)। कबरई रेलवे स्टेशन से सौ मीटर दूर झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर बुधवार की रात एक युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बताया जा रहा कि पिता की डांट से क्षुब्ध होकर युवक ने आत्महत्या की है। मौके से मृत युवक की बाइक, शराब का खाली पाउच व कोल्डड्रिंक की खाली बोतल मिली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मध्यप्रदेेश के छतरपुर जिले के खेरा कसार गांव निवासी धर्मेंद्र (23) पुत्र भूएंद्र सिंह की बुधवार की शाम घर में किसी बात पर कहासुनी हो गई। पिता के डांटने पर क्षुब्ध होकर वह बाइक लेकर घर से निकल गया और कबरई रेलवे स्टेशन के आगे ट्रेन से कटकर जान दे दी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसी बीच रेलवे कर्मचारियों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की सूचना थाने में दी। मौके पर पहुंचे एसआई महेंद्र सिंह तोमर ने घटनास्थल से दस कदम दूर मृत युवक की बाइक, शराब व कोल्डड्रिंक बरामद की। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले शराब पी और बाद में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।