महोबा। समदनगर निवासी अधिवक्ता मुकेश कुमार पाठक के गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में आरोपी ब्लॉक प्रमुख कबरई छत्रपाल यादव की संपत्तियों की दो दिन से रुकी कुर्की की शेष कार्रवाई बुधवार से शुरू हो जाएगी। एसडीएम राजेश कुमार यादव का स्थानांतरण एडीएम नमामि गंगे ग्रामीण जलापूर्ति हमीरपुर होने से बीच में कार्रवाई रुक गई थी।
अतिरिक्त एसडीएम रहे सौरभ पांडेय को एसडीएम सदर का चार्ज दिया गया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कुर्की की अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा तलब किया। एसडीएम ने बताया कि बुधवार से कुर्की की शेष कार्रवाई पूरी कराई जाएगी।
अधिवक्ता के आत्महत्या करने के मामले की जांच एसआईटी कर रही है। सप्ताह भर पहले डीएम सत्येंद्र कुमार ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुख्य आरोपी ब्लॉक प्रमुख व उनके परिजनों की संपत्तियां कुर्क करने के आदेश दिए थे। एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने दो होटल, दो क्रशर प्लांट, कई प्लाट व जमीनों को सीज कर नोटिस चस्पा किया था। जबकि कुछ संपत्तियों को सीज करने की कार्रवाई शेष रह गई थी।
तीन दिन पहले एसडीएम राजेश कुमार यादव का स्थानांतरण होने पर कुर्की की कार्रवाई रुक गई थी। मंगलवार को अतिरिक्त एसडीएम सौरभ पांडेय ने एसडीएम सदर का चार्ज लिया और कुर्की की कार्रवाई पूरी करने के लिए सीओ रामप्रवेश राय व तहसीलदार बालकृष्ण सिंह से ब्योरा मांगा। एसडीएम ने बताया कि बुधवार से कुर्की की शेष रह गई कार्रवाई पूरी कराई जाएगी।