कबरई (महोबा)। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक ग्रामीण से 4.80 लाख रुपये ऐंठने का मामला उजागर हुआ है। पैसा वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित की पत्नी ने थाना कबरई में शिकायती पत्र देकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और रुपये दिलाने की मांग की है।
कस्बे के किदवईनगर निवासी ब्रह्मकुमार शर्मा की पत्नी उमा शर्मा ने थाना कबरई में दिए शिकायती पत्र में बताया कि आठ माह पहले कस्बे के ही एक युवक अपने साथी के साथ उसके घर आया और परिवार के सदस्यों की सरकारी नौकरी दिलाने की बात कही। इसी में 4.80 लाख रुपये ऐंठ लिए। कई माह गुजर जाने के बाद भी नौकरी न मिलने पर जब पैसे वापस मांगे तो धमकी दी गई। आरोप है कि शुक्रवार की रात आरोपी चार पहिया गाड़ी से उसके घर आ धमके और गालीगलौज की। ग्रामीणों को एकजुट होता देख आरोपी भाग निकले। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस एफआईआर दर्ज करने के बजाय उन्हें टहला रही है। उधर, थाना प्रभारी दीपक पांडेय का कहना है कि झगड़े का मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है।