महोबा। सूपा गांव में लो वोल्टेज से परेशान किसानों ने शनिवार को चरखारी बाईपास मार्ग स्थित बिजली विभाग के दफ्तर में हंगामा किया। किसानों ने विभाग के अधिशासी अभियंता को चेतावनी देकर कहा कि अगर एक सप्ताह में लो वोल्टेज व बिजली की आपूर्ति न सुधरी तो वे लोग महोबा-राठ रोड जाम करेंगे। किसानों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
बिजली विभाग के दफ्तर पहुंचे धर्मपाल, रूप चंद्र तिवारी, भूपेंद्र मिश्रा, बृजमोहन तिवारी, वली मोहम्मद, देशराज कुशवाहा समेत तमाम किसानों ने बताया कि करीब दो महीने से सूपा गांव के किसान लो वोल्टेज और बिजली की अघोषित कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। लो वोल्टेज से वह ट्यूबवेल व पंप से सिंचाई तो दूर पलेवा भी नहीं कर पा रहे हैं। परेशान किसान कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से मिले, लेकिन समस्या का निराकरण करने का भरोसा देकर टरका दिया गया। शनिवार को बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अनुपम श्रीवास्तव को समस्या बताई। अधिशासी अधिकारी ने जल्द समस्या का निदान कराने का भरोसा दिया है।