महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र समेत 14 लोग घायल हो गए जबकि छह लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
जनपद छतरपुर के ईशानगर गांव निवासी शहवाज (30), अपने पिता अहमद (53), बहन रजिया (26) व भांजी आयत (04) के साथ बाइक से राठ के खेड़ा गांव अपनी रिश्तेदारी में गमी में जा रहा था। तभी रास्ते में पवा तिगैला के पास मवेशी से बचने में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे शहवाज व उसकी भांजी आयत घायल हो गए जबकि अहमद व रजिया को मामूली चोटें आईं।
इसी तरह बंधानवार्ड निवासी वीरेंद्र (35), पूनम (55), आशा (45) व गिल्लो (53) के साथ बाइक से घर जा रहा था। तभी रास्ते में गड्ढे में बाइक चली जाने से अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे चारों लोग घायल हो गए। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में लवकुश नगर निवासी मनीष (40), यशवंत नगर इटावा निवासी अर्जुन सिंह (45), कबरई निवासी आमिर (30) व रवि (24), बिलवई निवासी रोशन (30), अंडवारा निवासी घसीटा (25) व भटेवर निवासी कल्लू (21) घायल हुए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मनीष, अर्जुन, आमिर, कल्लू, शहवाज व मासूम आयत की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर किया गया है।