थाने में पुलिस हिरासत आरोपी रोहित, तरुन व भूपेंद्र
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कुलपहाड़ क्षेत्र में छात्रा की मौत के मामले में आरोपी तीन युवकों को थाना पुलिस ने मंगलवार को श्रीनगर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों का डीएनए कराने के लिए सैंपल सुरक्षित कराया है। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। जैतपुर ब्लॉक के एक गांव निवासी मजदूर की 17 वर्षीय बेटी नोएडा के एक कालेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थी।
लॉकडाउन के दौरान वह पिता के साथ गांव लौट आई थी। तब से यहीं पर रहती थी। शनिवार को उसका शव क्षेत्र के छैमाही माता मंदिर के पास पहाड़ पर एक पेड़ से फांसी पर लटकता मिला था। परिजनों के थाने का घेराव व डीएम को शिकायती पत्र देने के बाद पुलिस ने करारीपुरा निवासी रोहित उर्फ भूरा, तरुन रैकवार और भूपेंद्र नाई के खिलाफ अपहरण, छेड़छाड़, हत्या, सामूहिक दुष्कर्म और धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। साथ ही एससीएसटी एक्ट भी लगाया था। थाना प्रभारी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पोस्टमार्टम के दौरान बनी छात्रा की स्लाइड और आरोपियों की जांच फोरेंसिक लैब, लखनऊ भेजी गई। फिलहाल मामले की विवेचना सीओ कर रहे हैं।