महोबा। डेढ़ माह बाद जिले में आज से नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के छात्र-छात्राएं स्कूल जा सकेंगे। स्कूल खुलने के साथ ही ऑफलाइन कक्षाएं संचालित होंगी। जिसको लेकर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से आदेश जारी किया है। स्कूलों की साफ-सफाई, सैनिटाजिंग के अलावा अभिभावकों को संदेश भेजकर स्कूल खुलने की सूचना भेजी जा रही है।
कोरोना के कारण 31 दिसंबर के बाद से स्कूल बंद चल रहे थे। हालॉकि कक्षाएं ऑनलाइन चल रही थी वहीं नर्सरी से कक्षा आठ तक के स्कूलों को खोलने की मांग लगातार निजी स्कूल संचालक कर रहे थे, जिसके बाद इन्हें भी खोलने का आदेश जारी कर दिया गया। अब नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं भी सोमवार से ऑफलाइन संचालित होंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्यभान ने बताया कि शासन द्वारा आदेश के अनुसार कोविड प्रोटोकाल के साथ सभी स्कूल खोले जाएंगे। अभी तक नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन चल रहीं थीं, लेकिन, अब नए आदेश के बाद भौतिक रूप से सभी कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
स्क्रीनिंग के बाद विद्यालय में मिलेगा प्रवेश
कक्षाओं में क्षमता के अनुसार 50 प्रतिशत छात्रों को ही बैठाया जाएगा, मास्क अनिवार्य रूप से सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को लगाना होगा। स्कूल के मुख्य द्वार पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। थर्मल स्क्रीनिंग, पल्स ऑक्सीमीटर इत्यादि की मदद से कोरोना के लक्षण वाले लोगों को चिन्हित किया जाएगा। स्कूल परिसर में सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई की भी पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।