महोबा। शहर के ऊदल चौक के समीप स्थित मजार का बड़े रूप में निर्माण कराए जाने की सूचना बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने रंगाई-पुताई का काम बंद कराते हुए मशीनों को कब्जे में ले लिया। बाद में जांच के दौरान मामला जीर्णोद्घार का निकला। नवनिर्मित दो सीढ़ियों को अलग कराया गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता होने से मामला निपट गया।
बजरंग दल के विभाग संयोजक सत्येंद्र प्रताप, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष मनोज शिवहरे, प्रमोद कुशवाहा, अनमोल द्विवेदी आदि ने शनिवार को शहर कोतवाली पहुंच तहरीर दी। बताया कि शहर के ऊदल चौक में एक सप्ताह से छोटे रूप में स्थित मजार का निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और रंगाई-पुताई का काम रुकवाते हुए मशीनों को कब्जे में ले लिया।
एसडीएम जितेंद्र कुमार, सीओ सिटी रामप्रवेश राय व नायब तहसीलदार मनीष कुमार ने दोनों पक्षों को बुलाकर जांच कराई। जिसमें पूर्व मेें निर्मित मजार की रंगाई-पुताई पाई गई। दो सीढ़ियों का नया निर्माण कराया गया था। जिसे प्रशासन ने हटवाते हुए मामला शांत कराया। कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि मजार के सभी खंभे पहले के बने हैं। कोई नया निर्माण नहीं हुआ। सीढ़ियों को हटाकर दोनों पक्षों का समझौता कराया गया।