तालाब खुदाई की मिट्टी डालने से बना बंधा।
- फोटो : अमर उजाला
शासन के निर्देश पर जिले में कराई जा रही तालाबों की खुदाई में ठेकेदारों की मनमानी जारी है। बारिश के दौरान तालाब में पानी के श्रोत बंद कर दिए गए हैं। ऐतिहासिक सिजहरी तालाब में पानी के श्रोतों पर मिट्टी के ढेर लगे हैं। ऐसे में बारिश के दौरान तालाब में पानी नहीं पहुंच पाएगा। जिससे कई मोहल्लों में जल भराव की समस्या पैदा होगी।
125 एकड़ क्षेत्रफल में फैले चंदेलकालीन सिजहरी तालाब की खुदाई से निकली मिट्टी तालाब के चारों ओर डाल दी गई है। जिससे पानी आने के स्रोत बंद हो गए हैं। शुक्रवार को प्रधान प्रतिनिधि विजयपाल सिंह राजपूत, हरप्रसाद, नारायण अहिरवार, मुन्ना सहित एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार मिट्टी को तालाब से बाहर न फेंक कर तालाब के किनारे डाल रहा है। जिससे बारिश के दौरान मोहल्लों में जल भराव की स्थिति बन जाएगी। उन्होंने डीएम से पानी आने के जल श्रोतों को खुलवाने और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने एसडीएम सदर सुशील प्रताप सिंह को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।