महोबा। अधूरे पड़े निर्माणकार्यों को समय पर पूरा किया जाए। अगस्त के अंत तक कबरई बांध को भरने का प्रयास होना चाहिए। यह बात मंडलायुक्त ने बैठक के दौरान कही।
कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये की लागत से अधिक के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बताया कि 7.35 करोड़ की लागत से एमडीआर और ओडीआर की 13 सड़कों में कार्य किया जा रहा है जबकि चार सड़क का कार्य पूरा हो गया है, शेष का अक्तूबर तक पूरा कार्य हो जाएगा। समीक्षा में पाया कि अर्जुन सहायक परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है, अर्जुन बांध को भरने का कार्य किया जा रहा है। लहचूरा बांध पूरा भर गया है, 30 अगस्त तक कबरई बांध को भरने का प्रयास किया जाएगा। पहली बार लक्ष्य के मुताबिक कबरई बांध में 30 एमसीएम पानी भरा जाएगा।
एक्सईएन सिंचाई ने बताया कि 71 में से 56 बंधियों का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष पर काम जारी है। मंडलायुक्त ने सीडीओ को निर्देश दिए कि सभी बंधियों की जांच कराकर रिपोर्ट सात दिन के अंदर प्रस्तुत करें। डूडा प्रभारी तथा पीडी को निर्देश दिए गए कि पात्रों का चयन कर जल्द कर उन्हें पीएम आवास योजना से लाभांवित करें। इसके साथ ही उन्होंने सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, खेत तालाब, ग्राम सचिवालय, सांसद निधि, बुंदेलखंड विकास निधि आदि की भी समीक्षा की। बैठक में सभी अधिकारी मौजूद रहे।
कमिश्नर ने बोटिंग का लिया आनंद
महोबा। पर्यटन को लेकर ऐतिहासिक मदन सागर तालाब में कार्य किए जा रहे हैं। बोटिंग सेवा भी शुरू कर दी गई है। बुधवार को कमिश्नर दिनेश सिंह ने मदन सागर में स्टीमर से वोटिंग का आनंद लिया और मदन सागर को और अधिक आकर्षक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उनके साथ डीएम सत्येंद्र कुमार, एडीएम आरएस वर्मा, एसडीएम मोहम्मद अवेश और चेयरमैन प्रतिनिधि सौरभ तिवारी मौजूद रहे।