कुलपहाड़ (महोबा)। डीएम मनोज कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 63 शिकायतें आईं। इसमें छह का ही निस्तारण हो सका। कई फरियादियों का कहना था कि वह कई बार चक्कर लगा चुके, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। डीएम ने समाधान दिवस में अनुपस्थित पीडब्ल्यूडी एक्सईएन व खाद्य विपणन अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
कस्बे के रावतनपुरा निवासी सुधाकर, घनश्याम ने कुएं की सफाई कराने की मांग की। बछेछरखुर्द निवासी अमित सिंह ने तथ्य छिपाकर पंचायत सहायक की नियुक्ति पाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। पनवाड़ी की धनवती, नकरा की कस्तूरी, कनकुआं के प्रमोद, आनंदपुरा के नथुआ, मोहारी के गुलजारी ने भूमि पैमाइश से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। गांधीवार्ड के सभासद यशपाल ने तालाब से कब्जा हटाने की मांग की। करहराकलां निवासी मुकेश द्विवेदी ने श्मशान घाट में हैंडपंप लगवाने की मांग को लेकर तीसरी बार शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इस मौके पर एसपी सुधा सिंह, सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, पीडी चित्रसेन सिंह, एसडीएम पीयूष जायसवाल मौजूद रहे।