महिला से आवास की जानकारी लेते मंडलायुक्त।
- फोटो : MAHOBA
बेलाताल (महोबा)। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को जैतपुर ब्लॉक के मंगरौलकलां गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं जानीं। गांव में कई मकान कच्चे पाए जाने और उनके नाम पात्रता सूची में दर्ज न होने पर तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव देवकरण कुशवाहा को निलंबित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की। वंदना व कुसुम ने घर में शौचालय न होने की जानकारी दी। जिस पर मंडलायुक्त ने गुरुवार से ही शौचालयों का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए सर्वाधिक शिकायतें आवास से संबंधित रहीं। जिस पर सचिव निजाम अली से मंडलायुक्त ने जानकारी ली। पूछा कि अधिकांश घर कच्चे हैं, इनके नाम सूची में क्यों शामिल नहीं किए गए। जिस पर सचिव ने बताया कि पूर्व में देवकरण सचिव थे, जिनका स्थानांतरण हो गया है। उन्हीं के समय की सूची चल रही है। नई सूची में सभी को शामिल किया जाएगा। उन्होंने गांव में जल निकासी के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कक्षा तीन के छात्र सचिन ने गांव में बरातघर बनवाने की बात कही। इस मौके पर डीएम मनोज कुमार, सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह, एसडीएम पीयूष जायसवाल, सीओ उमेश चंद्र, बीडीओ राहुल पांडेय मौजूद रहे।