ग्राम पंचायत पनवाड़ी में बना सचिवालय।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। ग्राम पंचायत पनवाड़ी ने विलेज आफ गुड गवर्नेंस थीम पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर गोरखपुर और तीसरे स्थान पर अलीगढ़ की पंचायत का चयन किया गया है।
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अप्रैल तक ऑइकोनिक सप्ताह मनाया जाएगा। इसको लेकर प्रदेश स्तर पर तीन थीम चाइल्ड फ्रंडली विलेज, क्लीन एंड ग्रीन विलेज और विलेज आफ गुड गवर्नेंस पर पंचायतों का चयन किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सर्वे में जिले की ग्राम पंचायत पनवाड़ी ने विलेज आफ गुड गवर्नेंस थीम पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
शासन की मंशा के अनुसार यहां आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है। यहां सीसीटीवी कैमरे, मीटिंग हाल, टीवी स्क्रीन, कॉमन सर्विस सेंटर समेत प्रमुख सुविधाएं हैं। ग्रामीणों को आय, जाति, जन्म समेत अन्य प्रमाण पत्रों के आवेदन व आसानी से प्राप्त करने की सुविधा है। बैंक सखी द्वारा ग्रामीणों को लेनदेन की सुविधा भी मिल रही है। डीपीआरओ संतोष कुमार ने बताया कि पंचायत में बेहतर प्रबंधन को लेकर ग्राम प्रधान संजय द्विवेदी व सचिव राहुल पाठक को सम्मानित किया जाएगा।
सरकार की मंशा के अनुसार सचिवालय का निर्माण कराया गया है। इसमें आमजन को आधुनिक सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। विकास के लिए सतत प्रयास जारी है।
-संजय द्विवेदी, ग्राम प्रधान, पनवाड़ी