संवाद न्यूज एजेंसी
अजनर (महोबा)। थाना अजनर के खिरिया गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चटक गए। मारपीट में दोनों पक्ष से छह लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने अलग-अलग तहरीर थाने में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी जैतपुर पहुंचाया गया। जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
खिरिया गांव में कुछ दिन पहले हुए पंचायत चुनाव में छोटेलाल मिश्रा ने आरक्षित सीट होने के चलते घनश्याम अहिरवार को चुनाव मैदान में उतारा था जबकि देवेंद्र राजपूत ने अपने पक्ष से कूरा राजपूत को उतारा था। छोटेलाल के पक्ष में खड़ा प्रत्याशी चुनाव जीत गया था। जिसको लेकर दोनों पक्षों में खुन्नस चली आ रही थी। मंगलवार की शाम छोटेलाल परिवार समेत घर के दरवाजे पर बैठा था। तभी बाइकों में सवार होकर आए दूसरे पक्ष के आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिससे छोटेलाल, चंद्रशेखर, बृजेश व रविंद्र घायल हो गए। मारपीट में दूसरे पक्ष के ईशु व दीपक को भी चोटें आईं। थानाध्यक्ष अजनर अभिमन्यु यादव का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। घायलों को अस्पताल भेजा गया।