विकासखंड पनवाड़ी के ग्राम तुर्रा में बदमाशों ने एक युवक को मारपीट कर सोने की चेन लूट ली और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना पनवाड़ी में दे दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
ग्राम तुर्रा निवासी शंकर ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सोमवार को वह गांव से घर आ रहा था। रास्ते में चार बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करने लगे।
उसने शोर मचाया तो दो लोगों ने उसका मुंह दबा दिया। इस बीच अन्य बदमाशों ने उसकी चेन लूट ली। इसके बाद सभी लोग भाग गए। पीड़ित ने थाना पनवाड़ी में तहरीर दी। थानाध्यक्ष एके सिंह ने कहा कि मामला लेनदेन का बताया जा रहा है, जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।