फोटो 08 एमएएचपी 01 परिचय-खन्ना गांव में इस तरह लंपी वायरस ग्रसित मवेशी। संवाद
खन्ना (महोबा)। जिले में लंपी वायरस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में गोवंश लंपी वायरस की चपेट में आ रहे हैं। कस्बा खन्ना क्षेत्र में लंपी वायरस से ग्रसित तीन गोवंशों की मौत हो गई जबकि बड़ी संख्या में मवेशी बीमार हैं। विभाग की ओर से अभी टीकाकरण अभियान शुरू नहीं किया गया है। इससे संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है।
मवेशियों को लंपी वायरस से बचाने के लिए पशुपाल विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान चलाया जाता है। बारिश के मौसम में मवेशी लंपी वायरस की चपेट में आ रहे हैं। पूरे शरीर में दाग व गिलठी पड़ने से पशु बीमार हो रहे हैं। कस्बा खन्ना निवासी करन सिंह ने बताया कि लंपी वायरस की चपेट में आने से उनके दो गोवंशों की मौत हो गई है। वहीं ओमप्रकाश का एक मवेशी की मौत हो चुकी है।
गांव के वीरप्रकाश सिंह, जयकरन सविता, रामकिशुन, अखिलेश सिंह, बबलू यादव आदि पशुपालकों के मवेशी लंपी वायरस की चपेट में हैं। पशुपालकों ने टीकाकरण अभियान चलाकर पशुओं को इस बीमारी से बचाने की मांग की है। उधर, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार का कहना है कि अभी पशुओं को एमएफडी टीकाकरण होता रहा है। अब लंपी वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान पशुपालकों को स्वच्छता और पशुओं को रखने की तरकीब भी बताई जाएगी।