फोटो 17 एमएएचपी 20 परिचय-चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के सबुआ गांव में चोरों ने चार घरों से नकदी समेत लाखों का माल चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थलों का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। चार घरों से चोरी की घटनाएं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने जल्द चोरों को गिरफ्तार कर खुलासे की मांग की है।
सबुआ निवासी महेंद्र सिंह यादव के घर चोर दीवार फांदकर घुसे। चोरों ने कमरे में रखी लाइसेंसी बंदूक उठाकर बाहर फेंक दी। इसके बाद चोरों ने 15 तोला सोना और आधा किलो चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने गांव के राधेश्याम के मकान से 85 हजार रुपये व पांच तोला सोने के आभूषण ले गए। परिजनों के जागने पर चोर भाग निकले। भागते समय एक चोर की चप्पल छूट गई।
इसी तरह गांव के जयराम यादव के घर से चोरों ने 60 हजार की नकदी और जेवरात व रामाधीन पासवान के घर से 45 हजार की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह जब परिजन जागे तो सामान बिखरा व माल गायब देख उनके होश उड़ गए। घटनाओं की सूचना तत्काल यूपी 112 पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि घटनाओं की जांच कराई जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।