महोबा। हमीरपुर-महोबा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल व जिलाधिकारी के खिलाफ फेसबुक पर अपमानजनक शब्द लिखना एक युवक को महंगा पड़ गया। भाजपा के मंडल कार्यकारिणी सदस्य ने थाना श्रीनगर में युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा श्रीनगर के भैरवगंज निवासी हरिश्चंद्र यादव ने फेसबुक पर सांसद व डीएम के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए पोस्ट की थी। सोशल मीडिया में यह पोस्ट वायरल होने पर भाजपाई भड़क गए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। भाजपा के मंडल कार्यकारिणी सदस्य दुष्यंत सिंह चंदेल ने थाना श्रीनगर में कार्रवाई के लिए तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी हरिश्चंद्र के खिलाफ आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने फेसबुक आईडी के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष श्रीनगर अनिल कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है।