महोबा। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से गर्मी की छुट्टी में कॅरिअर काउंसलिंग के जरिये छात्र-छात्राओं को भविष्य के विकल्प बताए जाएंगे। सही राह दिखाने के साथ ही विशेषज्ञों की सलाह युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी भूमिका निभाएगी। कॅरियर काउंसलिंग शिविर के आयोजन के लिए जल्द ही राजकीय विद्यालयों की सूची तैयार होगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने इसके निर्देश जारी किए हैं। आयोजन के लिए राजकीय स्कूलों का चयन किया जाएगा। यहां पर पड़ोस के स्कूलों के विद्यार्थियों को भी बुलाया जाएगा। इन शिविरों में विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे। आगे की पढ़ाई से लेकर भविष्य की चुनौतियों से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं से लेकर नौकरी व व्यवसाय के तौर तरीके समझाए जाएंगे। इससे छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई का उचित मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जो उनके भविष्य के लिए बेहतर साबित होगा।