पनवाड़ी (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे में तेईया गांव के समीप तेज रफ्तार टाटा सफारी व कार की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी पनवाड़ी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
जनपद झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के भंडरा गांव निवासी कपिल (23) अपने पिता रामस्वरूप (50) व मां ऊषा देवी (45) के साथ कार से महोबा की ओर आ रहा था। शुक्रवार की देर शाम झांसी की ओर जा रही टाटा सफारी कार से तेईया गांव के समीप भिड़ंत हो गई। अल्टो चालक कपिल वाहन में ही फंस गया और उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद सफारी कार सवार मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने यूूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अल्टो सवार घायल रामस्वरूप व ऊषा देवी को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया।पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।