उद्योग बंधु की बैठक में निर्देश देते डीएम।
- फोटो : amar ujala
महोबा। जिलाधिकारी सहदेव की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें व्यापारियों ने शहर में गंदे पानी की सप्लाई का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने जल निगम एवं जल संस्थान के अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए। कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उद्योग एवं व्यापार से जुड़े व्यापारियों ने शहर में बिजली, सड़क, पेयजल, स्वच्छता एवं जल निकासी की समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कबरई में जाम एवं अतिक्रमण की समस्या पर डीएम ने एसडीएम सदर को अपने पर्यवेक्षण में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जिले में प्रदूषण की समस्या गंभीर है। क्रशर मालिकों द्वारा पर्यावरण नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। स्टोन डस्ट के प्रदूषण से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है और विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। उन्होंने एसडीएम व सीओ को संयुक्त रूप से निर्देशित किया कि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
व्यापारियों ने अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए थानों में मासिक बैठक की मांग की। जिस पर डीएम ने अपर पुलिस अधीक्षक को तिथि निर्धारित कर माह में एक बार व्यापारियों के साथ बैठक करने को कहा। मुस्करा रोड के अंतिम मोड़ तक की स्ट्रीट लाइटें खराब होने की शिकायत पर डीएम ने पालिका ईओ को नई लाइटें लगवाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी स्वामीनाथ, एसडीएम सदर राजेश यादव, उपायुक्त उद्योग सतगुरु प्रसाद, सहायक आयुक्त एके पांडेय, पालिका ईओ लालचंद्र सरोज, व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामजी गुप्ता, सेवक नंदवानी सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।