महोबा। भीषण गर्मी के बीच जिले में ठंडे पेय पदार्थों की खपत बढ़ गई है। गर्मी में सूखते कंठ को तर करने के लिए लोग कोल्ड ड्रिंक का सहारा ले रहे हैं। यही वजह है कि जिले में इन दिनों कोल्ड ड्रिंक की खपत करीब एक लाख लीटर तक पहुंच गई है।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 500 दुकानों पर प्रमुख कंपनियों की कोल्ड ड्रिंक की नियमित आपूर्ति हो रही है। किराना स्टोर, ढाबों, रेस्टोरेंट आदि पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार दोपहर के समय इनकी बिक्री चरम पर पहुंच जाती है। दुकानदार रोहित कुमार, हसीब अंसारी ने बताया कि पिछले दो सप्ताह में कोल्ड ड्रिंक की बिक्री में करीब 30 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। खासकर छोटे पैक व एक से दो लीटर वाली बोतलों की मांग अधिक है। शाम तक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक लेने वालों की लगातार भीड़ लगी रहती है।
कई बार मांग इतनी अधिक हो जाती है कि अतिरिक्त स्टॉक मंगवाना पड़ता है। बच्चों और युवाओं में इसकी खपत सबसे अधिक देखी जा रही है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में राहत पाने के लिए सादा पानी, नींबू पानी, छाछ व फलों के प्राकृतिक रस अधिक लाभकारी विकल्प हैं। कोल्ड ड्रिंक का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए ताकि स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।