फोटो 12 एमएएचपी 25 परिचय-रपटा उफनाने से पानी में बही बोलेरो। संवाद
बेलाताल (महोबा)। ब्लॉक जैतपुर के मंगरौल-काटी गांव के बीच बना रपटा सोमवार की रात हुई तेज बारिश से उफना गया। इसी बीच रपटा से निकल रही बोलेरो पानी के बहाव में बह गई। आसपास मौजूद युवाओं ने रपटे में कूदकर कार सवारोंं को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में जेसीबी से बोलेरो को बाहर निकलवाया गया।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के भदर्रा गांव निवासी मूलचंद्र (45) अपनी पत्नी फुलवा के साथ कार से जैतपुर ब्लॉक के बछेछरकलां गांव ससुराल आया था। शाम करीब छह बजे वापस लौटते समय रपटा के ऊपर से पानी बहता मिला। उन्होंने पानी के बहाव का अंदाजा न लगाते हुए कार निकालने की कोशिश की तो कार रपटे के नीचे बह गई। कार सवारोंं को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने रपटे में कूदकर गेट खोला और कार में बैठे दंपती को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में जेसीबी से बोलेरो को खींचा गया। कार सवारोंं के सुरक्षित बाहर निकलने पर ग्रामीणों ने युवाओं के साहसिक कदम की सराहना की।