संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परिषद के निर्देश पर इस बार जिला स्तर पर 15 फरवरी तक सदल दलों का गठन कर इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भेजनी होगी।
यूपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 22 फरवरी से प्रस्तावित हैं। इस बार परीक्षा नकलविहीन कराने के लिए बोर्ड ने नई व्यवस्था शुरू की है। शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेंद्र देव की ओर से इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिला स्तर पर बनने वाले सचल दल के सदस्यों के मोबाइल नंबर के साथ सचल दलों की सूची अनिवार्य रूप से माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव को गोपनीय रूप से तत्काल भेजना होगी।
सचल दलों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षा विभाग से संबद्ध सेवारत अध्यापक व अधिकारियों को रखा जाएगा। इसके साथ ही डीआईओएस स्वयं किसी भी सचल दल का नेतृत्व कर सकते हैं।
बोर्ड परीक्षा की देनी होगी ऑनलाइन रिपोर्ट
बोर्ड परीक्षा की पल-पल की रिपोर्ट ऑनलाइन देनी होगी। इससे यह पता चल सकेगा कि केंद्रों पर परीक्षा कैसी चल रही है। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण व पर्यवेक्षण से संबंधित निरीक्षण की रिपोर्ट ऑनलाइन दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर पाई गई अनियमितताओं से संबंधित या संस्तुतियों को परिषद कार्यालय की ई-मेल आईडी में भेजना होगा। शिक्षा निदेशक माध्यमिक की ओर से जारी पत्र में नकलविहीन परीक्षा के लिए जिला स्तर पर परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कम से कम छह से आठ सचल दल बनाने को कहा गया है।