चरखारी (महोबा)। प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर शनिवार को तहसील सभागार आयोजित कार्यक्रम में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत व भाजपा जिलाध्यक्ष ने जितेंद्र सिंह सेंगर ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। चरखारी विधायक ने कहा कि तीन साल में सरकार ने जो काम किया है वह पिछली सरकार नहीं कर सकी। अन्ना जानवर किसानों के लिए मुसीबत बने थे। सरकार ने गोशालाओं का निर्माण कराकर गोवंश की व्यवस्था की है। इससे 90 फीसदी किसान को अन्ना जानवरों से निजात मिली है।
सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर चरखारी विधायक ने कहा कि बुंदेलखंड में 32.50 मेगावाट बिजली उत्पन्न होती है, लेकिन यहां के लोगों को ही बिजली नहीं मिलती थी। भाजपा सरकार ने जिले को बेहतर बिजली दिलाने का कार्य किया है। आज सभी को 20 घंटे बिजली मिल रही है। अब बुंदेलखंड के लोग पानी की समस्या से निजात पा रहे हैं। अगले वर्ष तक सिंचाई व पीने के पानी से भी निजात मिलेगी। उन्होंने विधायक निधि से कराए गए कार्यों का ब्यौरा दिया। साथ ही, आगामी दो वर्षों में प्रदेश सरकार की योजनाओं के लिए सहयोग कर विकास में योगदान करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने प्रत्येग वर्ग के लोगों के लिए तमाम योजनाएं चलाईं। जिसका सभी को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। कहा कि जनता कर्फ्यू में इस महामारी से बचने के लिए घर में योगदान दें। इस मौके पर चेयरमैन मूलचंद्र अनुरागी, एसडीएम राजेश यादव, निर्भय सिंह, अरविंद गुप्ता, कुलदीप भटनागर, बीडीओ बृजकिशोर कुशवाहा आदि मौजूद रहे।