श्रीनगर (महोबा)। उर्मिल बांध की बिजली कटने के बाद बिजली विभाग ने 22 लाख का बिजली बिल बकाया होने पर करीब दस ट्यूबवेलों की बिजली काट दी। इससे कई गांव की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। पानी के लिए हाहाकार मचा है। लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। पानी के लिए ग्रामीण इधर-उधर भटक रहे हैं।
जिले में बिजली विभाग द्वारा चलाए जा रहे वसूली अभियान के तहत श्रीनगर पेयजल योजना के तहत स्थापित पांच ट्यूबवेलों का 12.25 लाख, पिपरामाफ पेयजल योजना के दो ट्यूबवेलों का 4.90 लाख, उरवारा पेयजल योजना के एक ट्यूबवेल का 2.45 लाख और चितइयन पेयजल योजना के एक ट्यूबवेल का 2.45 लाख रुपये सालाना बिजली का बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिए गए। इससे श्रीनगर समेत चार गांव में पानी को लेकर त्राहि-त्राहि है। बिजली विभाग के अधिशासी अधियंता डी. विमलेश ने बताया कि ने एक माह पहले बिजली बिलों की अदायगी के लिए जिला पंचायतू राज अधिकारी को नोटिस जारी किया था, लेकिन आजतक कोई बिल जमा नहीं किया गया। इससे मजबूरन गुरुवार रात को ट्यूबवेलों के कनेक्शन काट दिए गए। बिजली कटने से ग्रामीणांचलों में पानी को लेकर हाय-तौबा मच गई है।