झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर भाजपा नेताओं और प्रत्याशी द्वारा कोतवाली प्रभारी के साथ अभद्रता करने व सड़क जाम करने के मामले को पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए दो सांसद व भाजपा प्रत्याशी सहित 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली कुलपहाड़ में रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम सुगिरा के पास रविवार को भाजपा प्रत्याशी अखिल राजपूत प्रचार कर रहे थे। उसी समय कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ अब्दुल रज्जाक खां गश्त पर निकले। जहां पर भाजपा प्रत्याशी अखिल राजपूत की गाड़ियों में बड़े-बड़े झंडे लगे थे। कोतवाली प्रभारी ने झंड़े उतारने के लिए दबाव बनाया तो भाजपा प्रत्याशी अखिल राजपूत, महोबा सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, बांदा सांसद भैंरव प्रसाद मिश्र ने मिलकर कोतवाली प्रभारी कुलपहाड़ से गालीगलौज की और ग्रामीणों को उकसा कर हाइवे जाम कर दिया। कोतवाली प्रभारी के सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने व अभद्रता करने की सूचना के आधार पर भाजपा प्रत्याशी अखिल राजपूत सांसद पुष्पेन्द्र सिंह व भैंरवप्रसाद मिश्र के अलावा 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली कुलपहाड़ में रिपोर्ट दर्ज की गई । भाजपा प्रत्याशी अखिल राजपूत का कहना है कि उनके और पार्टी कार्यकर्ताओं के विरूद्ध सत्ता पक्ष के इशारे में झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि वे प्रशासन के इस दबाव से डरने वाले नहीं हैं।