महोबा। वीर आल्हा-ऊदल की नगरी महोबा में बर्ड फेस्टिवल और सूर्य महोत्सव का आयोजन होगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में इसको लेकर बैठक हुई। इसमें सूर्य महोत्सव व बर्ड फेस्टिवल की रूपरेखा निर्धारण करने के लिए विचार विमर्श किया गया।
बैठक में डीएम ने बताया कि जनपद महोबा में सूर्य मंदिर अत्यंत प्राचीन स्मारक है। इसके महत्व को देखते हुए पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से यहां सन इंटरप्रिटेशन सेंटर व सन प्लेनिटोरियम की कार्ययोजना लाई गई है। सन इंटरप्रिटेशन सेंटर का निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। जिले में सूर्य महोत्सव माह जनवरी के अंतिम या फरवरी 2026 के पहले सप्ताह में आयोजित किए जाने की बात रखी गई। डीएम ने विजय सागर पक्षी विहार में पहुंचने वाले देशी-विदेशी पक्षियों को प्रचारित प्रसारित करने के लिए बर्ड फेस्टिवल कराए जाने को लेकर उत्तर प्रदेश वन विभाग को प्रस्ताव भेजने के लिए निर्देश वन विभाग महोबा को दिए।
डीएम ने बताया कि सूर्य महोत्सव व बर्ड फेस्टिवल से संबंधित अपनी राय एवं परामर्श पर्यटन विभाग को लिखित रूप में अथवा ईमेल mahobatourismgmail.com पर भेजी जा सकती है। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज, एडीएम न्यायिक सुखवीर सिंह, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, वरिष्ठ कोषाधिकारी देवकुमार यादव, जिला विकास अधिकारी पंकज यादव, पर्यटन सूचना अधिकारी डाॅ. चित्रगुप्त आदि मौजूद रहे।