महोबा। खजुराहो-महोबा मार्ग पर धवारी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक की तलाश कर रही है। वहीं, अन्य सड़क हादसों में तीन लोग घायल हुए हैं।
मध्यप्रदेश के चंदवारा गांव निवासी जीतेंद्र सिंह (50) खेती-किसानी करते थे। मंगलवार की सुबह वह बाइक से बारीगढ़ जा रहे थे। रास्ते में धवारी गांव से पहले कुछ दूरी पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
उधर, कोतवाली कुलपहाड़ के लाड़पुर गांव निवासी लखन (35) सोमवार की रात बाइक से घर जा रहा था। तभी रास्ते में किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी तरह बगरौन निवासी विद्या और छिकहरा निवासी अरविंद अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।