महोबा। कानपुर-सागर हाईवे में विजय सागर पक्षी बिहार के समीप बाइक व स्कूटी की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। जबकि स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के रतौली गांव निवासी राजाभइया बाइक से गांव के ही शिब्बूलाल (55) के साथ महोबा आया था। मंगलवार की दोपहर दोनों बाइक से घर वापस लौट रहे थे।
तभी विजय सागर पक्षी बिहार के समीप स्कूटी सवार से जोरदार भिड़ंत हो गई। बाइक सवार शिब्बूलाल व स्कूटी सवार विश्वनाथ (60) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बाइक चला रहे राजाभइया के हेलमेट लगाए होने से उसको चोटें नहीं आई। सड़क पर लहूलुहान हालत में घायलों को देखकर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां शिब्बूलाल की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि विश्वनाथ की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।