विजयपुर-रिछा मार्ग पर रिछा मोड़ के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने सामने भिडंत में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बहनोई ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कोतवाली कुलपहाड़ में तहरीर दे दी है।
हमीरपुर के थाना राठ के ग्राम बिलरख निवासी अनिल (28) साथी मंगल (20 )निवासी ग्राम धमना राठ के साथ बाइक से अपनी बहन के घर विजयपुर गांव आया था। लौटते समय रिछा मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। वहीं बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी में भर्ती करवाया।
यहां डाक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया व मंगल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पांच वर्ष पहले मृतक के बड़े भाई की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बाइक सवार हेलमेट नही लगाए थे इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।