महोबा। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में राठ चुंगी के समीप मजदूरी करने जा रहे साइकिल सवार श्रमिक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व चालक की तलाश में है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला जकरियापीर निवासी फूलसिंह (55) पुत्र रामसेवक मजदूरी करके परिवार चलाता था। फूलसिंह मजदूरी का काम करने गुरुवार को साइकिल से ग्राम चांदों जा रहा था। तभी हाईवे पर राठचुंगी के आगे हनुमान मंदिर के पास कार ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर दूर जा गिरा। राहगीरों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल की जांच की। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है। मृतक के बेटे मलखान सिंह ने कार चालक पर कोतवाली में तहरीर देकर लापरवाही से टक्कर मारने से पिता की मौत होने का आरोप लगाया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।