फोटो 22 एमएएचपी 09 परिचय-शहर के पशु बाजार में बकरों की खरीदारी लोग। संवाद
महोबा। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व 28 मई को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर नमाज का वक्त तय कर दिया गया है। शहर काजी सैय्यद कारी आफाक हुसैन ने बताया कि शाही मस्जिद में सुबह 7:15 बजे, ईदगाह में 7:30 बजे, जामा मस्जिद में 7:45 व मगरिया की नूरानी मस्जिद में सुबह आठ बजे नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने लोगों से समय से पहुंचकर अमन और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। वहीं बकरीद के लिए शहर के पशु बाजार में शुक्रवार को बकरों की खरीदारी हुई। दूर-दराज गांवों से आए पशुपालकों ने विभिन्न नस्लों के बकरे बिक्री के लिए बाजार में उतारे।
बकरीद नजदीक आते ही पशु बाजार में रौनक बढ़ गई है। खरीदार अपनी पसंद और बजट के अनुसार बकरों की खरीदारी करते दिखे। बाजार में छोटे से लेकर बड़े आकार के बकरे लोगों को आकर्षित करते नजर आए। पांच से 25 हजार रुपये तक के बकरे बिके। कुछ खास नस्लों के बड़े व स्वस्थ बकरों की कीमत इससे भी अधिक रही। खन्ना निवासी अशफाक अहमद, छतरपुर निवासी प्रमोद, हीरा, मुन्ना आदि पशुपालकों ने बताया कि इस बार चारे और पशुपालन पर खर्च बढ़ने से बकरों के दाम में बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद लोगों में खरीदारी को लेकर उत्साह बना हुआ है। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। व्यापारियों को उम्मीद है कि बकरीद तक बकरों की बिक्री और तेज होगी। कारोबार में अच्छा लाभ मिलेगा।