महोबा। तृृतीय विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह पर डीएवी इंटर कॉलेज से यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को सड़क सुरक्षा रैली निकाली गई। रैली को जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाई। स्कूली बच्चे सड़क सुरक्षा के लिए प्रेरित करते रहे।
सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा नारे के साथ निकाली गई रैली डीएवी इंटर कालेज से शुरू होकर आल्हा चौक, तहसील चौराहा, कोतवाली, मेन मार्केंट, ऊदल चौक, जीजीआईसी आदि मार्गों से गुजरी। रैली के समापन पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन पर सभी लोग गंभीर हो, तभी बढ़ती दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। नशे में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीटबेल्ट का उपयोग करें।
डीएम ने कहा कि रास्ते में यदि कोई दुर्घटना का शिकार व्यक्ति मिले तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी जान बच सके। रैली में बच्चों को हेल्पलाइन नंबर 1098 के संबंध में जागरूक किया गया। रैली में अपर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन अजय कुमार, नगर पालिका अध्यक्षा दिलाशा सौरभ तिवारी, सीओ सदर जटाशंकर राव, एआरटीओ प्रशासन सुरेश कुमार वर्मा, समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, दाऊ तिवारी, रामजी गुप्ता मौजूद रहे।