महोबा। जनपद की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने राजधानी लखनऊ पहुंच डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने यहां की बिगड़ी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत बताई। डिप्टी सीएम ने महोबा जिला अस्पताल में जल्द डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने का भरोसा दिया।
बुंदेली समाज के संयोजक ने डिप्टी सीएम को बताया कि जिला अस्पताल में लंबे समय से कोई हड्डी का डॉक्टर नहीं है जिसके कारण दुर्घटनाओं में घायल लोगों को इलाज के लिए झांसी, कानपुर आदि शहरों में जाना पड़ता है। इसके अलावा यहां फिजिशियन, हृदय रोग विशेषज्ञ व एनेस्थीसिया का कोई डॉक्टर नहीं है।
साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ की भी भारी कमी है। अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डिप्टी सीएम के पास ही स्वास्थ्य मंत्रालय है। इसलिए उन्होंने भरोसा दिया कि जिले की स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के लिए जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। यहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर की जाएगी।