महोबा। परिषदीय व माध्यमिक स्कूलों के बाद अब महाविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं की भी अपार आईडी बनेगी। जिन छात्रों के पास अपार आईडी होगी उन्हें ही छात्रवृत्ति और टैबलेट मिलेगा। बिना अपार आईडी के विद्यार्थी इससे वंचित कर दिए जाएंगे। यह व्यवस्था वर्तमान सत्र से ही लागू कर दी गई है। छात्र भी स्वयं अपार आईडी बना सकेंगे। जिले में संचालित महाविद्यालयों में 20 हजार छात्र-छात्राओं की अपार आईडी बनाई जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर महाविद्यालयों में संचालित प्रोफेशनल कोर्स में भी अपार आईडी बनवाना अनिवार्य किया गया था लेकिन अब बीए, बीएससी जैसे कोर्स को भी शामिल कर दिया गया है। अपार आईडी में छात्रों का शैक्षणिक ब्योरा डिजिटल रूप में दर्ज हो जाता है। एक क्लिक पर यह ब्योरा देखा जा सकता है। योजना को सफल बनाने के लिए अब टैबलेट वितरण जैसे कार्यक्रमों को भी इससे जोड़ दिया गया है। जिले में 28 राजकीय व निजी महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें स्नातक व स्नातकोत्तर कक्षाओं में करीब 20 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय के प्रो. प्रदीप कुमार का कहना है कि छात्रों के लिए अपार आईडी अनिवार्य की गई है। यह अपार आईडी 12 अंकों की होगी। जिसमें छात्र-छात्राओं का पूरा ब्योरा रहेगा।