भ्रमण पर सूर्य मंदिर जातीं गाइड कैप्टन
- फोटो : MAHOBA
महोबा। उत्तर प्रदेश स्काउट गाइड संस्था द्वारा दिए जा रहे स्काउट मास्टर व गाइड कैप्टन के सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन हो गया। शिक्षकों ने अनुशासन की बारीकियां सीखीं। प्रशिक्षण शिविर के दौरान शिक्षकों को ऐतिहासिक सूर्य मंदिर का भ्रमण कराया गया। जहां शिक्षकों ने बिना बर्तन के भोजन बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
साईं कॉलेज में चल रहे स्काउट मास्टर व गाइड कैप्टन शिविर में समापन से पहले जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह व डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने दीप जलाया। इस मौके पर संस्था की महिला उपाध्यक्ष व राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मालती विश्वकर्मा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए। जिला सचिव मूलचंद्र निगम ने बताया कि शिविर में 77 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। उन्हें अनुशासन में रहने, सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेने आदि की बारीकियां बताईं। समापन समारोह से पूर्व प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों को सूर्य मंदिर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें वहां के इतिहास की जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रशिक्षक शिवशरण सिंह, रूपेश कुमार शुक्ला, जिला संगठन आयुक्त जयप्रकाश, बाबूलाल कुशवाहा, संगीता मिश्रा, अंजू प्रजापति, अर्चना त्रिवेदी मौजूद रहे।