शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर प्रांगण में स्थापित शिव मंदिर में मंगलवार को अराजकतत्वों ने उत्पात मचाते हुए तोड़फोड़ की। पुजारी ने इसका विरोध किया तो उसे गाली गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। पुजारी ने शहर कोतवाली में घटना की तहरीर सौंप दी है।
शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका मंदिर प्रांगण में शिव मंदिर है। वहां के पुजारी पंडित लक्ष्मीनारायण मिश्र है। मंगलवार की सुबह आधा दर्जन अराजकतत्व शराब के नशे में मंदिर पहुंच गए। गाली गलौज कर रहे युवकों का पुजारी ने विरोध किया तो युवक भड़क गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
इससे मंदिर में रखा सामान व शीशे टूट गए। उसके बाद अराजकतत्व जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पुजारी ने एक नामजद समेत आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ घटना की तहरीर कोतवाली में सौंपी हैं। उधर, मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने से हिंदू संगठन के लोगाें में गहरा आक्रोश है।