महोबा। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर सोमवार की शाम तेज रफ्तार निजी एंबुलेंस भरवारा गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हुई है।
जनपद झांसी के धनौरा गांव निवासी विनोद तिवारी (40) एंबुलेंस के मालिक होने के साथ स्वयं चालक भी हैं। सोमवार को वह झांसी से एक मरीज को छोड़ने महोबा आए। मरीज और तीमारदारों को छोड़ने के बाद वह वापस झांसी लौट रहे थे। तभी हाईवे पर भरवारा गांव के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड से टकरा गई। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने राहगीरों की मदद से एंबुलेंस में फंसे चालक को बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को देते हुए शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।