विजेता ट्राफी के साथ महिला कबड्डी टीम
- फोटो : amarujala
महोबा। पुलिस लाइन परिसर में चल रहे तीन दिवसीय जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। अंतिम दिन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दमखम दिखा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जनपदों से आए खिलाड़ियों ने बाजी मारकर विभाग व जिले का नाम रोशन किया। बेहतर स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुष वर्ग कुश्ती 57-61 किलोग्राम में इलाहाबाद के लाल केसर ने बाजी मारी जबकि महोबा के हरीश कुमार दूसरे स्थान पर रहे। 61 से 65 किलो में कौशांबी के राजेश कुमार ने पहला स्थान हासिल किया जबकि इलाहाबाद के सरगराज दूसरे स्थान पर रहे। 65 से 70 किलो में कौशांबी के गणेश ने जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग बाक्सिंग 52 से 56 किलोग्राम में महोबा के आरक्षी नीरज ने बाजी मारी जबकि इलाहाबाद के राजू दूसरे स्थान पर रहें। 60 से 64 किलो में महोबा के शैलेंद्र प्रताप को पहला और संजय कुमार को दूसरा स्थान मिला। 69 से 75 किलो में महोबा के उपेंद्र सिंह जबकि हमीरपुर के प्रदीप कुमार ने अव्वल स्थान हासिल किया।
महिला वर्ग भारोत्तोलन में महोबा की आकांक्षा व इलाहाबाद की रुचि ने बाजी मारी। पुरुष वर्ग कबड्डी में इलाहाबाद की टीम विजेता व कौशाम्बी उप विजेता रही। महिला कबड्डी वर्ग में महोबा की टीम ने जीत दर्ज की जिसका नेतृत्व अभिलाषा व आभा यादव ने किया जबकि इलाहाबाद टीम उपविजेता रही। समापन के मौके पर चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के डीआईजी मनोज तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एन कोलांची, अपर एसपी वंशराज यादव, सीओ सिटी जितेंद्र दुबे सहित तमाम पुलिसकर्मचारी मौजूद रहे।