कुलपहाड़ (महोबा)। प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर गुरुवार को अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। वकीलों ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध जताया। बाद में प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें अधिवक्ता हितों का ध्यान रखते हुए समस्याओं का निराकरण कराए जाने की मांग की है।
बार एसोसिएशन कुलपहाड़ के अध्यक्ष शाकिर खान के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी मोहम्मद उवैस को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि अधिवक्ताओं का पूर्ण संरक्षण नहीं हो रहा है। जिससे अधिवक्ता असंतुष्ट हैं। उन्होंने पूरे प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने, 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके वरिष्ठ अधिवक्ताओं को प्रतिमाह 20 हजार रुपये पेंशन राशि देने, प्रत्येक अधिवक्ता का उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किसी असामान्य मृत्यु की दशा में 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने और अधिवक्ता वर्ग को अराजकतत्वों से संरक्षण के लिए शस्त्र लाभ आदि सुरक्षा दिलाने की मांग की। गुरुवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहकर विरोध जताते रहे। उन्होंने शीघ्र प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है। विरोध प्रदर्शन व ज्ञापन सौंपने वालों में ओमप्रकाश सक्सेना, राजेश शर्मा, राकेश रावत, सुरेंद्र यादव, बेबी राजा, सुनील कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव, बृजेंद्र, अरुण रावत, रामकुमार रिछारिया, कपिल देव सिंह यादव आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।