चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में पं. दीनदयाल उपाध्याय उद्यान पार्क से बस स्टेशन तक व बुधवारी बाजार में सड़क किनारे कब्जा जमाए लोगों पर प्रशासन की निगाह टेढ़ी हो गई है। शनिवार को एसडीएम व नायब तहसीलदार के नेतृत्व में अभियान चलाकर सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया गया। चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो जुर्माना के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम डॉ. प्रदीप कुमार, नायब तहसीलदार आलोक मिश्रा, पालिका ईओ अमरजीत व लेखपाल लक्ष्मण सिंह ने उद्यान पार्क से बुधवारी बाजार तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे दुकानें लगाकर अतिक्रमण जमाए ठेलिया दुकानदारों और बाहर तक कब्जा किए व्यापारियों का अतिक्रमण हटवाया। साथ ही छह दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। एसडीएम ने कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। दोबारा अतिक्रमण मिलने और जाम लगने पर कार्रवाई होगी।