महोबा। सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री जोन घोषित हो चुके शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय ने इस दिशा में एक कदम और बढ़ा दिया है। अब महाविद्यालय में प्लास्टिक बोतल बंद पानी पर प्रतिबंध लगाया गया है। महाविद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कांच की बोतलों में पानी की व्यवस्था की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से इसको लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।
वीरभूमि महाविद्यालय में परिसर, क्लासरूम, कार्यालय, अभ्युदय कोचिंग, सेमिनार हॉल, ऑडोटोरियम हॉल, टैबलैब व प्रयोगशाला में प्लास्टिक की बोतलों को ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही कॉलेज में आयोजित होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों में अब दोबारा उपयोग होने वाली बोतलों में ही पानी का इस्तेमाल किया जाएगा। महाविद्यालय में एक साल पहले सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया था। तब से यहां पॉलीथीन के प्रवेश पर रोक है। अब प्लास्टिक उत्पादों में शामिल पानी की बोतल पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी जागरूक किया जाएगा।
उधर, महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. प्रदीप कुमार का कहना है कि कॉलेज परिसर में सिंगल यूज प्लास्टिक की बोतलों में बंद पानी का इस्तेमाल प्रतिबंधित होगा। दोबारा उपयोग में लाई जाने वाली कांच की बोतलों में पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विभिन्न ब्रांड की दोबारा उपयोग में लाई जाने वाली बोतलों के कोटेशन मंगाए जाएंगे। जल्द ही इनकी खरीद होगी। इससे न केवल आर्थिक मद में बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल होगी।