ऑनलाइन निंबध प्रतियोगिता की विजेता छात्रा को प्रमाण पत्र देते एडीएम
- फोटो : MAHOBA
महोबा। वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्र व छात्रा इकाई के बीच राष्ट्र के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका और राष्ट्रवाद पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने कोरोना जागरूकता पर क्वारंटीन नाटक प्रस्तुत किया।
अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस मौके पर आनलाइन निबंध प्रतियोगिता कोरोना संकट में हमने क्या खोया क्या पाया के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू व राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार पांडे ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र की सच्ची सेवा वह है जो कार्य हमें मिला है इसलिए उसे सच्ची लगन से करें। कहा कि जिस देश के नागरिक एक-दूसरे से भावनात्मक एकता से जुड़े रहते हैं वही राष्ट्रीयता है।
कार्यक्रम में एनएसएस की छात्रा स्नेहा सोनी व रुचि खरे ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अंजलि तिवारी ने जो शहीद हुए सरहद पर हिंदुस्तान के लिए, एक बार सलामी दे दो उन जवान के लिए देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य ने कहा कि सच्ची राष्ट्रभक्ति के लिए सच्ची भावना और विनम्रता की आवश्यकता होती है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मधुबाला सरोजिनी, एलसी अनुरागी, शिल्पी राजपूत व आशीष अलबेला ने राष्ट्रवाद पर अपने विचार रखे। संगोष्ठी में मनीष सोनी, शशांक चौरसिया, अभिषेक कुमार व नरेंद्र कुमार समेत कई स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।