महोबा। हिंदू स्वाभिमान समिति ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के विरोध में शनिवार को आतंकवाद का पुतला फूंका।
समिति के सत्येंद्र प्रताप, रामरतन सेन, अर्पित चौरसिया, कमलेश रैकवार, अनुज सोनी, अंकित राजपूत, मिहीलाल, योगेश, सुशील आदि रामजानकी मंदिर में एकत्र हुए। जहां से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा को लेकर कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए आल्हा चौक पहुंचे और आतंकवाद का पुतला फूंका।
इसके बाद में एसडीएम जितेंद्र कुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि बांग्लादेश में हो रहे उग्र प्रदर्शन में हिंदुओं की सरेआम हत्या की जा रही है। मंदिर तोड़े जा रहे हैं।
हिंदुओं के मकान जलाते हुए लूटपाट की जा रही है। इससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने हिंदुओं की सुरक्षा के लिए विश्वस्तर पर मांग किए जाने और हिंदुओं की सुरक्षा कराए जाने की मांग की है।