चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के अकठौंहा गांव में खेत की बुआई करने जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई जबकि दो लोग बाल-बाल बच गए।
अकठौंहा गांव निवासी रामहेत राजपूत (40) खेत की बुआई के लिए ट्रैक्टर, सीड ड्रिल व बीज लेकर जा रहा था। अर्जुन बांध की नहर के पास मुडकर बोरियां देखने लगा। तभी ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दो बार पलटी खाने के बाद नहर में गिर गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चला रहे मालिक रामहेत नीचे दब गया जबकि ट्रैक्टर में सवार गांव के ही वृंदावन व मिहीलाल दूर जा गिरे।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे रामहेत को बाहर निकालकर सीएचसी चरखारी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक के दो बच्चों साक्षी (14) व सागर (11) का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।